पन्ना में दुर्गा विसर्जन के दौरान हादसा, पांच युवक डूबे, आयुष और कृष्णा की मौत
मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान देवेंद्रनगर-बड़ागांव बांध में पांच युवक गहरे पानी में डूब गए। तीन साथियों को बचा लिया गया, लेकिन दो युवकों की जान नहीं बच सकी।
मां दुर्गा की विदाई के साथ हर तरफ भक्ति और उत्सव का माहौल था। लोगों की भीड़ प्रतिमा विसर्जन के लिए पहुंची थी, लेकिन मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के देवेंद्रनगर में कुछ ही देर में खुशियां मातम में बदल गईं। देवेंद्रनगर-बड़ागांव बांध में प्रतिमा विसर्जन के दौरान पांच युवक गहरे पानी में डूब गए। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि उनके तीन साथियों को बचा लिया गया। घटना की खबर फैलते ही इलाके में शोक छा गया और मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार मच गई।
आयुष अग्रवाल और कृष्णा सोनी की मौत
इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 18 वर्षीय आयुष अग्रवाल, पिता शेष अग्रवाल, और 25 वर्षीय कृष्णा सोनी, पिता नारायण दास सोनी, के रूप में हुई है। दोनों देवेंद्रनगर के रहने वाले थे। त्योहार के दौरान हुई इस घटना ने उनके परिवारों को गहरा सदमा पहुंचाया है। जिन घरों में उत्सव की तैयारियां थीं, वहां अब मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
हादसे में साहिल तिवारी, हरिओम द्विवेदी और करण सोनी को पानी से बाहर निकाला गया। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। 21 अक्टूबर की देर रात उपलब्ध जानकारी के अनुसार, साहिल और करण को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेजे जाने की बात सामने आई, जबकि हरिओम को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। इन तीनों युवकों को बचा लिया गया, लेकिन अपने दो दोस्तों को खोने का सदमा उनके लिए भी बेहद दर्दनाक है।
कैसे हुआ हादसा?
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, प्रतिमा विसर्जन के दौरान युवक गहरे पानी में पहुंच गए और डूबने लगे। उन्हें बचाने के लिए स्थानीय लोग और मछुआरे पानी में उतरे। प्रत्यक्षदर्शी रामकिशोर रैकवार के बयान के अनुसार, आयुष और कृष्णा प्रतिमा के नीचे दब गए थे। उन्हें निकालने के लिए प्रतिमा को हटाने की कोशिश की गई। इसके बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, पानी में पैर फिसलने या अनजाने में गहराई में चले जाने से हादसा हुआ। हालांकि, घटना का पूरा क्रम और किन परिस्थितियों में पांचों युवक एक साथ डूबे, इस बारे में अंतिम आधिकारिक निष्कर्ष की जानकारी सामने नहीं आई है।
मौके पर पहुंचीं एसपी निवेदिता नायडू
घटना की सूचना मिलने पर पन्ना की पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू घटनास्थल पर पहुंचीं और हालात का जायजा लिया। देवेंद्रनगर के तहसीलदार सुमित तिवारी के अनुसार, विसर्जन स्थल पर पुलिस, राजस्व विभाग और नगर परिषद का अमला तैनात था। पांच युवकों के डूबने की सूचना मिलने के बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो युवकों को मृत घोषित कर दिया गया।

नरसिंहपुर जिले की पत्रकारिता में अपनी एक अलग छवि रखने वाले खबरों को नए तरीके के साथ तीखे अंदाज में लिखने का हुनर बहुत अच्छे से जानते हैं . अब जनसंपर्क टाइम के लिए भी खबरें लिखेंगे





