धनतेरस की रात जबलपुर में भीषण अग्निकांड: 50 से ज्यादा झुग्गियां जलकर राख, अनाज से जमा पूंजी तक सब स्वाहा

धनतेरस की रात देशभर में दीप जले, लक्ष्मी की पूजा हुई और बाजारों में रौनक छाई रही। लेकिन जबलपुर के गोहलपुर थाना क्षेत्र में हालात बिल्कुल उलट थे। लेमा गार्डन के पास गाजी नगर मैदान की झुग्गी बस्ती में आधी रात अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते 50 से ज्यादा परिवारों के घर लपटों में समा गए।
करीब 350 झुग्गियों वाली इस बस्ती में लोग गहरी नींद में सो रहे थे। अचानक चीख-पुकार शुरू हो गई। बच्चे गोद में उठाए नंगे पांव भागते लोग। जब तक दमकल टीमें पहुंचीं, तब तक अनाज, नकदी, बिस्तर, दीवाली के नए कपड़े और जिंदगी भर की जमा पूंजी जल चुकी थी।
रिपोर्ट के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि एक झोपड़ी में सो रहे मासूम बच्चे को निकालने के लिए लोगों को दूसरे घर का दरवाजा तोड़ना पड़ा। अख्तरी बी ने रोते हुए बताया कि घर में रखा अनाज, पैसे और रोजमर्रा का सामान सब जल गया। अब सिर छिपाने की जगह भी नहीं बची। मोहम्मद हसन के परिवार का एक सदस्य घायल हो गया, हाथ टूट गया।
पुलिस और दमकल विभाग को सूचना मिलते ही कार्रवाई शुरू हुई। करीब 10 से 12 दमकल गाड़ियां और पानी के टैंकर मौके पर पहुंचे। एमपी बिजली विभाग ने पूरी बस्ती की सप्लाई काट दी ताकि और कोई हादसा न हो। दमकल कर्मी ओमप्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि काफी मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया।
CSP अखिलेश गौर ने बताया कि शुरुआती सर्वे में 30 से 35 झोपड़ियां पूरी तरह जलने की बात आई थी, लेकिन नुकसान 50 से ज्यादा परिवारों तक फैल चुका है। आग पूरी तरह ठंडी होने के बाद ही सही नुकसान का आकलन हो सकेगा। पूर्व पार्षद ने रात करीब 2:30 बजे घटना की जानकारी मिलने की बात कही और शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई। उन्होंने यह भी बताया कि इस बस्ती में पहले भी कई बार आग लग चुकी है।

जनसंपर्क टाइम डेस्क की टीम देश दुनिया में घटित सभी खबरों को आप तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है ,हर खबर पूरी प्रामाणिकता और सत्यता के साथ प्रकाशित की जाएगी





