1 नवंबर से बदल रहे हैं ये नियम, LPG, बैंक, GST और कॉलिंग में बड़े बदलाव
एलपीजी सिलेंडर, बैंक चार्ज, दिल्ली की पार्किंग, जीएसटी और कॉलिंग सिस्टम, सब 1 नवंबर से बदलने वाले हैं। जानिए किस पर कितना असर पड़ेगा।
1 November Rules : महीने की पहली तारीख आती है और अचानक जेब पर असर दिखने लगता है, यह अब हम सबका पुराना अनुभव है। इस बार नवंबर की शुरुआत भी कुछ ऐसी ही होने वाली है। कुछ ही दिनों में कई नए नियम लागू होने वाले हैं। बैंक अपने डेबिट और क्रेडिट कार्ड के चार्ज बदल रहे हैं, जीएसटी से जुड़े कुछ नियमों पर काम चल रहा है और फोन पर आने वाली कॉल का तरीका भी बदलने वाला है। अगर आपको इन बदलावों की समझ पहले से हो, तो आप समय रहते तैयारी कर सकते हैं।
एलपीजी सिलेंडर के दाम पर नजर रखें
हर महीने की पहली तारीख को तेल विपणन कंपनियां घरेलू और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दामों की समीक्षा करती हैं। इसलिए 1 नवंबर को 19 किलोग्राम और 14.2 किलोग्राम के घरेलू सिलेंडर के दाम में बदलाव हो सकता है। फिलहाल यह साफ नहीं है कि सिलेंडर सस्ता होगा या महंगा, क्योंकि इस पर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। इतना जरूर याद रखें कि 1 अक्टूबर को कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़े थे। इसलिए नई दरें आने पर अपने शहर की गैस एजेंसी या तेल कंपनी की वेबसाइट पर एक बार जरूर देख लें।
दिल्ली में प्रदूषण पर सख्ती
दिल्ली में हवा की गुणवत्ता सुधारने के लिए विंटर एक्शन प्लान और ग्रैप (GRAP) स्टेज-1 लागू होने वाला है। 1 नवंबर 2026 से 31 जनवरी 2027 तक दिल्ली के बाहर पंजीकृत गैर BS6 वाहनों के दिल्ली में प्रवेश पर रोक रहेगी। राहत की बात यह है कि इलेक्ट्रिक वाहन, सीएनजी वाहन और आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहन इस पाबंदी से बाहर रहेंगे। दिल्ली-एनसीआर के सभी फ्यूल स्टेशनों पर पेट्रोल, डीजल और गैस के लिए पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल (PUC) सर्टिफिकेट अनिवार्य होगा। अगर आपकी गाड़ी दिल्ली आती-जाती है, तो अपने कागजात समय पर जरूर चेक कर लें।
नगर निगम के अधिकृत पार्किंग स्थलों पर शुल्क दोगुना होने वाला है। इसके साथ ही दिल्ली सरकार ने एमसीडी दफ्तरों के समय में भी बदलाव किया है। अब एमसीडी कार्यालय सुबह 8:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक खुलेंगे। वहीं सभी प्रशासनिक कार्यालयों का समय सुबह 10:00 बजे से शाम 6:30 बजे तक रहेगा।
जीएसटी में होने वाले बदलाव
सरकार नवंबर से जीएसटी सुधारों को आगे बढ़ाने की तैयारी में है। 1 नवंबर को myGov.in पोर्टल पर इसका ड्राफ्ट जारी किया जाएगा और 30 नवंबर तक आम लोगों से सुझाव मांगे जाएंगे। जीएसटी काउंसिल ने नियम 14बी के तहत एक सरल और वैकल्पिक पंजीकरण प्रक्रिया का प्रस्ताव रखा है, जिसका फायदा छोटे कारोबारियों को मिल सकता है। इसके अलावा छोटी रकम के विवादों और अनावश्यक कानूनी झंझटों से बचने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी करने की सीमा कम से कम 10,000 रुपये तय करने का प्रस्ताव है। ध्यान रहे कि कानूनी संशोधन से जुड़े बदलाव 1 अप्रैल 2027 से लागू होंगे, यानी इनका असर तुरंत नहीं दिखेगा।
बैंक ग्राहकों के लिए नए शुल्क
पंजाब नेशनल बैंक, केनरा बैंक और इंडसइंड बैंक ने अपने नए नियमों की घोषणा की है, जो 1 नवंबर से लागू होने वाले हैं। इंडसइंड बैंक ने बचत खाते की तीन सेवाओं पर शुल्क लगाने की शुरुआत की है। वित्तीय POS लेनदेन विफल होने पर प्रति ट्रांजेक्शन 25 रुपये शुल्क लगेगा। जो डेबिट कार्ड होल्डर्स ग्रांडे डीसी (Grande DC) प्रोग्राम में नहीं आते, उन्हें 1999 रुपये तक शुल्क देना पड़ सकता है।
पीएनबी ने घरेलू पीएनबी एटीएम पर वीजा और रुपे क्रेडिट कार्ड से नकद निकासी के लिए 2.5 प्रतिशत एडवांस्ड चार्ज की घोषणा की है, जिसकी अधिकतम सीमा 400 रुपये होगी। बैंक यूटिलिटी बिल भुगतान और रिवॉर्ड रिडेम्प्शन पर भी शुल्क लेगा, जो अभी तक मुफ्त है। केनरा बैंक ने क्रेडिट कार्ड ईएमआई से जुड़े नियम भी बदले हैं। बेहतर यही है कि आप अपने बैंक की आधिकारिक वेबसाइट देखें या नजदीकी शाखा से पूरी जानकारी ले लें, क्योंकि शुल्क हर बैंक और कार्ड के हिसाब से अलग हो सकता है।
कॉल करने वाले का नाम दिखेगा
1 नवंबर से CNAP (कॉलिंग नेम प्रेजेंटेशन) सिस्टम लागू होने जा रहा है। इसके बाद अगर नंबर आपके फोन में सेव नहीं है, तब भी टेलीकॉम ऑपरेटर के रिकॉर्ड में दर्ज नाम आपकी स्क्रीन पर दिखेगा। इससे कॉल उठाने से पहले ही पता चल सकेगा कि फोन कौन कर रहा है। स्पैम और फर्जी कॉल से बचने में यह बदलाव काफी काम आ सकता है। फिर भी किसी अनजान कॉल पर निजी जानकारी या ओटीपी साझा न करें।

मेरा नाम शैलेन्द्र है, मैंने रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर से बी.कॉम. किया है। बी.कॉम. (कम्प्यूटर साइंस) में स्नातक करने के बाद मैंने एल.एल.बी. भी किया है। मैं देश-दुनिया और सामाजिक सरोकारों से खुद को अवगत रखता हूँ और मुझे लिखने का शौक है। मुझे अच्छे लेख लिखना अच्छा लगता है।






