मध्य प्रदेश कैबिनेट में मोदी पर विशेष संकल्प, मुख्यमंत्री बोले- मंगलवार से फिर शुरू होगी कर्मचारियों की डीपीसी
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मध्य प्रदेश में सोमवार को विशेष कैबिनेट बैठक आयोजित की गई। बैठक में एक विशेष संकल्प प्रस्ताव पारित किया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
मुख्यमंत्री ने मोदी के नेतृत्व को देश की राजनीति में ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले केंद्र में गठबंधन की राजनीति का दौर था और पूर्ण बहुमत की सरकार बनाना बड़ी चुनौती माना जाता था। उनके अनुसार नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने लगातार दो बार अपने दम पर बहुमत हासिल किया।
डॉ. यादव ने बताया कि गरीब कल्याण योजना के तहत देश में करीब 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है। उन्होंने नोटबंदी, जीएसटी में सुधार, तीन तलाक पर प्रतिबंध और जनविश्वास अधिनियम को बड़े बदलावों के रूप में गिनाया। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि मध्य प्रदेश में करीब 900 कानून हटाए गए हैं।
उन्होंने नीति आयोग के गठन, सेमीकंडक्टर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को बढ़ावा देने, स्टार्टअप्स और नई शिक्षा नीति का ज़िक्र करते हुए कहा कि देश ने अंतरिक्ष विज्ञान में भी मंगलयान और चंद्रयान जैसे अहम मुकाम हासिल किए हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर बात करते हुए उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक का ज़िक्र किया और कहा कि आतंकवाद के ख़िलाफ़ कार्रवाई को लेकर भारत की नीति में बदलाव आया है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर भी निशाना साधा।
कर्मचारियों की डीपीसी पर ऐलान
मुख्यमंत्री ने सरकारी कर्मचारियों की विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक साल के भीतर दो साल की डीपीसी प्रक्रिया पूरी करने का प्रयास किया जा रहा है और मंगलवार से डीपीसी फिर शुरू होगी। इससे पदोन्नति का इंतजार कर रहे कर्मचारियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
शिवराज की नाराजगी और ओबीसी आरक्षण पर जवाब
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की नाराजगी से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारियों से रिपोर्ट मंगाई गई है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी और तथ्यों के आधार पर स्थिति स्पष्ट होगी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार संवेदनशील है और जांच के बाद दूध का दूध, पानी का पानी हो जाएगा। ओबीसी आरक्षण के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले का परीक्षण कराया जा रहा है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाने को लेकर उन्होंने कांग्रेस को घेरा और कहा कि लोकतंत्र में चुनाव जीतना और हारना प्रक्रिया का हिस्सा है। उन्होंने विपक्ष से लोकतांत्रिक व्यवस्था पर भरोसा रखने की अपील की।

मेरा नाम शैलेन्द्र है, मैंने रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर से बी.कॉम. किया है। बी.कॉम. (कम्प्यूटर साइंस) में स्नातक करने के बाद मैंने एल.एल.बी. भी किया है। मैं देश-दुनिया और सामाजिक सरोकारों से खुद को अवगत रखता हूँ और मुझे लिखने का शौक है। मुझे अच्छे लेख लिखना अच्छा लगता है।






One Comment