मध्य प्रदेश

नर्मदा किनारे जुए के अड्डे पर पुलिस की दबिश, नदी में कूदकर भागे जुआरी; 4 लोगों पर कार्रवाई

Mp News : मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में नर्मदा नदी के किनारे चल रहे कथित अवैध जुए के अड्डे पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। नर्मदापुरम और सीहोर जिले की सीमा पर स्थित इस जगह पर माखननगर और शाहगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने सुबह-सुबह दबिश दी। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। कुछ लोग नाव के सहारे भाग निकले, जबकि कुछ ने नदी में उतरकर दूसरी ओर जाने की कोशिश की। पुलिस ने मौके से नाव और ताश की गड्डियां जब्त की हैं। इसके अलावा जुए के अड्डे पर लगाए गए टेंट और दरियों को भी नष्ट कर दिया गया।

जानकारी के मुताबिक, नर्मदा किनारे लंबे समय से जुए की फड़ संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद नर्मदापुरम के पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा एस. थोटा ने सीहोर पुलिस से संपर्क कर संयुक्त कार्रवाई की योजना बनाई। सोहागपुर एसडीओपी अरविंद शाह के नेतृत्व में माखननगर और शाहगंज थाने की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस की अचानक हुई कार्रवाई से वहां मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे।

बताया जा रहा है कि जुआ खेलने के लिए बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचे थे। कुछ लोग नाव में बैठकर मौके से निकल गए, जबकि कुछ नदी में उतरकर दूसरी ओर जाने लगे। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, मौके पर करीब 40 से 50 लोगों के मौजूद होने की जानकारी सामने आई है। नदी में तेज बहाव और रास्ते में जोखिम को देखते हुए पुलिस ने भाग रहे लोगों का पीछा नहीं किया। हालांकि, कार्रवाई के दौरान एक नाव और ताश की गड्डियां जब्त की गईं।

पुलिस ने जुए की गतिविधियों से जुड़े चार लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। इनमें पलटा उर्फ वीरेंद्र, बुद्धा मीना, विनीत गोस्वामी और सतीश अहिरवार के नाम सामने आए हैं। इनके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत कार्रवाई की गई है। ध्यान देने वाली बात यह है कि पुलिस की ओर से इन चारों के खिलाफ कार्रवाई की जानकारी दी गई है, इसे चारों की गिरफ्तारी के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।

इसके अलावा जुआरियों को लाने-ले जाने के लिए नाव और ट्रैक्टर उपलब्ध कराने वाले 12 लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं। कुछ लोग मौके पर नहीं मिले, इसलिए उनके परिजनों के माध्यम से नोटिस तामील कराने या नोटिस चस्पा करने की कार्रवाई की गई। पुलिस ने संबंधित लोगों को अवैध जुए की गतिविधियों में सहयोग नहीं करने की हिदायत दी है।\

पुलिस के मुताबिक, जुए के अड्डे तक पहुंचने के लिए नाव और ट्रैक्टर का इस्तेमाल किया जाता था। दुर्गम जगह पर संचालित होने के कारण ऐसे ठिकानों पर कार्रवाई करना चुनौतीपूर्ण रहता है। नदी में तेज बहाव होने से किसी के डूबने या दुर्घटना होने का खतरा भी बना रहता है। इसी वजह से पुलिस ने अभियान के दौरान सुरक्षा का ध्यान रखा।\

माखननगर थाना प्रभारी कंचन सिंह ठाकुर के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक थाना क्षेत्र में जुए से जुड़े 16 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। पुलिस का कहना है कि अवैध जुआ संचालित करने, उसे संरक्षण देने या जुआरियों को लाने-ले जाने में मदद करने वालों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button